गतिविधियां :
दिनांक ; 25 मार्च 2021 ;
कल का दिन जौनपुर शहर और डा० लाल रत्नाकर के घर बिशुनपुर में बीता। पहले लाल पैथालाजी गया और सुगर तथा किडनी संबंधी जांच के लिये ब्लड सैम्पुल दिया। फिर डा० रत्नाकर के घर गया। डा० साहब के मित्र श्री शाहिद अख्तर अमेठी से आनेवाले थे। चिंटू( नीरज) उनको लेने बादशाहपुर रेलवे स्टेशन रजनीश के साथ गये। इसी बीच डा० साहब ने दोपहर में खाने के लिये खिचड़ी बनाने के उपक्रम में लग गये। साथ ही मिस्त्रियों के साथ मिलकर लालरंग बुद्ध की ध्यानमुद्रा में बैठी मूर्ति के निर्माण को अंतिम रूप देने में भी लगे रहे। खिचड़ी पकती रही,मूर्त्ति भी बनती रही। इसी बीच चिंटु शाहिद भाई को लेकर आ गये। खिचड़ी पक चुकी थी। खाने के लिये परसी गई और हम चार लोग- मैं,शाहिद भाई,डा० साहब और चिंटू- सुस्वादु खिचड़ी का सानंद सेवन करने में लग गये। इसी समय यह सूचना मिली कि नवोदित कवि और समाजसेवी श्री कमलेश यादव गोमती ग्रामीण बैंक के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक,जौनपुर सांसद श्री श्याम सिंह यादव के प्रतिनिधि श्री रमाकांत यादव के साथ पधार रहे हैं। लिहाजा उन्हें भी भी खिचड़ी भोज में शामिल कर लिया जाय- यह निर्णय भी लिया गया। लोगों किन उनके लिखे खिचड़ी रख कर हम लोग उसके साथ न्याय करते रहे और समाप्ति से पहले वे लोग भी आ गये तथा भोजन में शामिल हो गये।
इस तरह कल का दिन बीत गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें